उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला जज की आधिकारिक ईमेल आईडी पर कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया और एहतियातन पूरे कचहरी परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया। सेंट्रल बार की ओर से भी अधिवक्ताओं और कर्मचारियों से परिसर खाली करने और जांच में सहयोग की अपील जारी की गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, धमकी भरे ईमेल में दोपहर करीब 1 बजे विस्फोट की बात कही गई है। मेल में यह भी दावा किया गया कि वाराणसी समेत देश के 18 शहरों की कचहरियों को निशाना बनाने की योजना है। ईमेल भेजने वाला तमिलनाडु सरकार से नाराज बताया है। अपुष्ट सूत्रों के अनुसार, यह ईमेल तमिलनाडु के “सुनिया डासन” नामक स्थान से भेजा गया बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं कर रही है।
कचहरी परिसर खाली
धमकी की सूचना मिलते ही कमिश्नरेट पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिहाज से कचहरी परिसर को पूरी तरह खाली कराया गया। बम निरोधक दस्ते के साथ एटीएस की टीमें भी तैनात की गईं और हर कोने की सघन तलाशी शुरू की गई। खबर लिखे जाने तक किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई थी, लेकिन जांच प्रक्रिया जारी है।
18 शहरों का जिक्र, पुलिस अलर्ट
धमकी भरे मेल में वाराणसी के साथ-साथ अन्य शहरों की कचहरियों को भी उड़ाने की बात कही गई है।
2007 की घटना की यादें ताजा
उल्लेखनीय है कि वाराणसी कचहरी पहले भी आतंकी घटना का दंश झेल चुकी है। नवंबर 2007 में यहां बम धमाका हुआ था, उसी पृष्ठभूमि को देखते हुए प्रशासन इस बार किसी भी जोखिम को नजरअंदाज नहीं कर रहा है और हर एंगल से जांच की जा रही है।
खबर अपडेट की जा रही है।