Social Sharing icon

उत्तर प्रदेश के कानपुर से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहाँ एक निजी नर्सिंग होम की घोर लापरवाही ने नवजात मासूम की जिंदगी छीन ली। ऑपरेशन से जन्मी बच्ची को NICU में वार्मर मशीन में रखा गया था, लेकिन मशीन के ओवरहीट होने से वह बुरी तरह झुलस गई और उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने न सिर्फ एक परिवार की खुशियाँ उजाड़ दीं, बल्कि निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक निजी नर्सिंग होम की लापरवाही ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। बिठूर थाना क्षेत्र के बिठूर कस्बे में स्थित राजा नर्सिंग होम में जन्म के कुछ ही घंटों बाद एक नवजात बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। आरोप है कि बच्ची को NICU में रखी गई वार्मर मशीन में लापरवाही से रखा गया, जो ओवरहीट हो गई और मासूम का पूरा शरीर बुरी तरह झुलस गया। बच्ची की मौत के बाद उसका शरीर पूरी तरह काला पड़ चुका था, जिसे देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। यह घटना सिर्फ एक मेडिकल लापरवाही नहीं, बल्कि सिस्टम की संवेदनहीनता का जीता-जागता उदाहरण बन गई है। जिस अस्पताल में जिंदगी को बचाने का दावा किया जाता है, वहीं एक मासूम को मौत के हवाले कर दिया गया।

ऑपरेशन से हुआ था बच्ची का जन्म

कानपुर के बाकरगंज रमेलनगर निवासी अरुण निषाद की पत्नी को प्रसव पीड़ा के बाद राजा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने ऑपरेशन के जरिए बच्ची का जन्म कराया। परिजनों का कहना है कि दोपहर बाद ऑपरेशन हुआ और बच्ची का जन्म हुआ, लेकिन जन्म के बाद कई घंटों तक परिवार को बच्ची नहीं दिखाई गई। परिजनों ने बताया कि वे लगातार स्टाफ से बच्ची को देखने की गुहार लगाते रहे, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया गया। जब परिजनों ने ज्यादा ज़िद की तो देर शाम नर्सिंग होम स्टाफ ने उन्हें बच्ची के गंभीर रूप से झुलसने और उसकी मौत की जानकारी दी।

सच्चाई सुनते ही टूट गया परिवार

जैसे ही परिजनों को इस भयावह सच्चाई की जानकारी मिली, उनके पैरों तले ज़मीन खिसक गई। परिवार के लोग बदहवास हो गए। नर्सिंग होम परिसर में चीख-पुकार मच गई। मासूम की दादी ने रोते हुए बताया कि यह उनकी बहू की पहली संतान थी, जो काफी इलाज और दुआओं के बाद पैदा हुई थी। दादी ने कहा, “हमारी बहू की पहली बेटी थी, बहुत मन्नतों के बाद बच्ची पैदा हुई थी। हमें तो देखने भी नहीं दिया, अंदर ही अंदर मेरी पोती जलती रही।”

वार्मर मशीन बनी मौत का कारण

परिजनों का आरोप है कि बच्ची को NICU में रखी वार्मर मशीन में रखा गया था, लेकिन स्टाफ ने मशीन की हीट पर कोई निगरानी नहीं रखी। मशीन के ओवरहीट होने के कारण बच्ची झुलसती चली गई और समय रहते कोई इलाज नहीं मिला। बताया जा रहा है कि वार्मर मशीन की नियमित मॉनिटरिंग नहीं की जा रही थी और न ही कोई अनुभवी स्टाफ बच्ची की निगरानी में मौजूद था। यही लापरवाही नवजात की मौत की वजह बनी।

पुलिस मौके पर पहुंची, शव पोस्टमार्टम को भेजा

घटना की जानकारी मिलते ही बिठूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने नवजात बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस नर्सिंग होम स्टाफ से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर राजा नर्सिंग होम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल प्रबंधन पर उठे सवाल

घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन सवालों के घेरे में आ गया है। नर्सिंग होम में मौजूद डॉक्टर के एक परिचित ने बताया कि अस्पताल के मालिक डॉक्टर की तबीयत खराब है और वह किसी अन्य अस्पताल में भर्ती हैं। हालांकि सवाल यह है कि जब अस्पताल संचालित हो रहा था, तो NICU जैसी संवेदनशील यूनिट में इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हो गई?

फायर विभाग भी करेगा जांच

इस मामले पर फायर ऑफिसर दीपक शर्मा ने कहा कि उन्हें मीडिया के माध्यम से बच्ची के झुलसने की जानकारी मिली है। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि नवजात को जन्म के बाद वार्मर मशीन में रखा गया था और मशीन की हीट अधिक होने के कारण बच्ची झुलसी। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच के आदेश दिए जाएंगे और यह भी देखा जाएगा कि अस्पताल में अग्नि सुरक्षा और मशीनों की सुरक्षा के मानक पूरे किए जा रहे थे या नहीं।

निजी अस्पतालों की लापरवाही पर बड़ा सवाल

यह घटना निजी नर्सिंग होम्स की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। आखिर कैसे बिना उचित निगरानी और सुरक्षा मानकों के ऐसे अस्पताल संचालित किए जा रहे हैं? क्या नवजातों की जान इतनी सस्ती हो गई है? यह हादसा प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के लिए भी एक चेतावनी है कि समय रहते ऐसे अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो ऐसी घटनाएं दोबारा होती रहेंगी। फिलहाल मासूम की मौत से पूरा परिवार सदमे में है और न्याय की गुहार लगा रहा है। अब देखना होगा कि जांच के बाद दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है और क्या इस मासूम को इंसाफ मिल पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *